भोपाल: मध्य प्रदेश में 18 मार्च से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम फिलहाल शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना समेत कई जिलों में 18 से 20 मार्च के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
राजधानी भोपाल में रविवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फिलहाल प्रदेश में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
18 मार्च को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 18 मार्च को बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, मंदसौर, नीमच, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं या आंधी चलने का भी अनुमान जताया गया है।
19 मार्च को इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
19 मार्च को राजगढ़, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांडुर्णा जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
20 मार्च को भी कई जिलों में खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने 20 मार्च के लिए भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांडुर्णा जिलों में भी गरज-चमक और आंधी के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
21 मार्च को भी रह सकता है असर
मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च को भी प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम खराब रह सकता है और कहीं-कहीं हल्की बारिश या तेज हवाएं चल सकती हैं।
पिछले 24 घंटों के मौसम आंकड़ों की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस पंचमढ़ी में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम के इस बदलाव के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।