उत्तर प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि राज्य में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
Indian Oil Corporation के प्रदेश मुख्यालय, गोमती नगर में राज्य समन्वयक संजय भंडारी ने बताया कि यूपी में एलपीजी सिलेंडरों का करीब 22 दिनों का अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध है। वहीं पेट्रोल और डीजल का भी लगभग 7 दिनों का बैकअप मौजूद है।
पैनिक बाइंग से बढ़ी थी मांग
भंडारी ने बताया कि 25 और 26 मार्च के बीच पैनिक बाइंग के कारण अचानक मांग में उछाल आया। हालांकि, इसके बावजूद सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और कहीं भी वितरण बाधित नहीं हुआ। लोगों से अपील की गई है कि घबराहट में अनावश्यक लाइन न लगाएं।
सप्लाई पर लगातार निगरानी
तेल कंपनियां ऑटोमेशन सिस्टम के जरिए हर पेट्रोल पंप और रिटेल आउटलेट की निगरानी कर रही हैं। जहां मांग सामान्य से कई गुना बढ़ती है, वहां तुरंत अतिरिक्त सप्लाई भेजी जा रही है।
Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum के साथ मिलकर लगातार आपूर्ति बनाए रखी जा रही है।
कई जिलों में मांग अब सामान्य
लखनऊ, सीतापुर, बहराइच और गोंडा जैसे जिलों में एक-दो दिनों के लिए मांग ज्यादा रही, लेकिन अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। वहीं गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती और Ayodhya में पहले बढ़ी मांग अब सामान्य स्तर पर लौट आई है।
पेट्रोल-डीजल की मांग में तेज उछाल
आंकड़ों के मुताबिक, 26 मार्च 2025 के मुकाबले 26 मार्च 2026 को पेट्रोल और डीजल की मांग लगभग दोगुनी हो गई।
- पेट्रोल सप्लाई: 15 हजार किलोलीटर से बढ़कर 29 हजार किलोलीटर
- डीजल सप्लाई: 28 हजार किलोलीटर से बढ़कर 51 हजार किलोलीटर
कंपनियों की बैठक, जल्द समाधान की उम्मीद
तेल कंपनियों के बीच एक बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें पेमेंट से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। अधिकारियों का कहना है कि यह आंतरिक मामला है और बातचीत के जरिए जल्द समाधान निकाल लिया जाएगा।